मऊरानीपुर में भीषण आग: आधे घंटे में 8 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

130

मऊरानीपुर: कोतवाली क्षेत्र के दमेले इंटर कॉलेज के पास अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 8 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
आग इतनी तेज थी कि महज आधे घंटे के भीतर सभी दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इन दुकानों में जनरल स्टोर, जूते-चप्पल की दुकान और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान शामिल थीं, जिनमें रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
बताया जा रहा है कि घटना सुबह 8 बजे के आसपास हुई। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह और भी बड़े क्षेत्र में फैल सकती थी, क्योंकि यह इलाका एक व्यस्त बाजार है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

इस हादसे में प्रभावित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि उनकी पूरी जीवनभर की कमाई जलकर खाक हो गई। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है।

प्रशासन का बयान
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि
मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह तय किया जाएगा कि पीड़ितों को किस प्रकार की आर्थिक सहायता दी जा सकती है।

रिपोर्ट – शिवांगी कुमारी