झांसी रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट में 1 घंटे तक फंसे रहे यात्री, प्लेटफॉर्म 4, 5 की घटना

128

झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन की एक लिफ्ट में अचानक सात लोग फंस गए। फंसे हुए लोगों में दो महिलाएं, दो बच्चे, एक पुरुष यात्री और दो रेलकर्मी शामिल थे। घटना के बाद करीब एक घंटे तक सभी लोग लिफ्ट के अंदर ही गर्मी और घुटन के बीच फंसे रहे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

यह घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर मुंबई छोर स्थित फुटओवर ब्रिज की लिफ्ट में हुई। जानकारी के अनुसार, कुछ यात्री ग्वालियर जाने के लिए लिफ्ट के जरिए प्लेटफॉर्म पर उतर रहे थे। इसी दौरान एक यात्री के बैग की स्ट्रिप लिफ्ट के दरवाजे में फंस गई। इससे लिफ्ट की तकनीकी प्रणाली प्रभावित हो गई और लिफ्ट करीब एक मीटर नीचे आने के बाद अचानक रुक गई।
लिफ्ट में मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों ने खुद से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई, जिससे पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। तुरंत रेलवे का तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा और लिफ्ट को ठीक करने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शुरुआती कोशिशों में उन्हें सफलता नहीं मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीआरएम, स्टेशन डायरेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करने लगे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने लिफ्ट का दरवाजा कटर से काटने का फैसला लिया। लिफ्ट उस समय हवा में अटकी हुई थी, जिससे बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था।
रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सीढ़ी लगाई और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान लिफ्ट में फंसी महिला मंजू की तबीयत गर्मी और घुटन के कारण बिगड़ गई। सूचना मिलने पर तुरंत डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और प्राथमिक उपचार दिया।
रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लिफ्ट के दरवाजे में बैग की स्ट्रिप फंसने के कारण यह तकनीकी खराबी आई थी। उन्होंने बताया कि लगभग 50 मिनट तक लोग लिफ्ट में फंसे रहे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मेडिकल जांच के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

रिपोर्ट – शिवांगी कुमारी