झांसी के बबीना क्षेत्र में दो दिन से लापता किशोर का शव कुएं में पड़ा मिला

46

 

परिजनों ने जताया हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का संदेह,पुलिस छानबीन में जुटी

झांसी/बबीना थाना इलाके के ग्राम खजुराहा बुजुर्ग में दो दिन से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव सोमवार घर से करीब तीन सौ मीटर दूर स्थित कुएं में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने का संदेह जताया है।
गांव खजुराहा बुजुर्ग पनिहारी मोहल्ले में रहने वाले कोमल अहिरवार राजमिस्त्री हैं। वह अपनी पत्नी उमा देवी, बेटे अंकित अहिरवार (16) और बेटी राखी (14) के साथ गांव में रहते हैं। अंकित परिवार का इकलौता पुत्र था। मृतक के रिश्ते के चाचा विनोद ने बताया कि अंकित 11वीं का छात्र था।


18 जुलाई को उसके पिता मजदूरी करने गए थे और मां उमा देवी दोपहर में मंदिर गई थीं। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे अंकित घर से लापता हो गया। जब दोपहर दो बजे तक अंकित वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शाम को परिजनों ने भेल चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी थी। उधर, अंकित के फूफा मलखान रतौली गांव के भगवान दास के खेत पर घूम रहे थे। तभी उन्हें कुएं में अंकित का शव दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद सभी मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने संदेह जताया कि अंकित की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उनका कहना है कि क्रिकेट खेलने को लेकर गांव के कुछ युवकों से अंकित का विवाद हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही बबीना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया सिंह मौके पर पहुंचीं। जहां एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से अंकित के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।- रिपोर्ट संजू