झाँसी/बबीना में बवाल ग्राम प्रधान समर्थकों ने भीड़ जुटाकर लगाया जाम पुलिस से धक्का-मुक्की 150-200 लोगों पर मुकदमा दर्ज।
बबीना में भेल चौकी पर बवाल पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर वर्दी फाड़ने की कोशिश 150- 200 पर केस दर्ज
ग्राम प्रधानों के उकसावे पर हाईवे जाम कर किया हंगामा पुलिस से अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


बबीना (झांसी)। झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बीएचईएल पुलिस चौकी के सामने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए भारी बवाल का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान पक्ष के समर्थकों द्वारा उकसाए जाने के बाद जुटी सैकड़ों लोगों की उग्र भीड़ ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर शांति व्यवस्था बहाल करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ न केवल तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की गई, बल्कि खाकी का इकबाल चुनौती देते हुए उनकी वर्दी फाड़ने तक का दुस्साहस किया गया। इस गंभीर घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना बबीना पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ताओं और 150 से 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 26 अक्टूबर की शाम करीब 6:00 बजे की है। आरोप है कि खुजराहा खुर्द और खुजराहा बुजुर्ग गांव के प्रधान पक्ष से जुड़े अराजक तत्वों ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत 150 से 200 लोगों की अज्ञात भीड़ को भड़काकर बीएचईएल चौकी के समक्ष अवैध रूप से एकत्र कर लिया। इसके बाद उत्तेजित भीड़ ने मुख्य सड़क पर बैठकर और खड़े होकर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया। व्यस्ततम समय में मुख्य मार्ग पर अचानक चक्काजाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों, एंबुलेंस और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी और थाने से पहुंचे पुलिस बल ने स्थिति को संभालने और यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में शामिल अराजक तत्व पुलिसकर्मियों पर ही हावी होने लगे। अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे जवानों को घेरकर उपद्रवियों ने झूमाझटकी शुरू कर दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे
पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ने का प्रयास किया।
शासकीय कार्य में गंभीर अवरोध उत्पन्न करने और पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देने के इस कृत्य को उच्चाधिकारियों ने बेहद गंभीरता से लिया है। थाना बबीना में घटना के मुख्य उकसाने वालों सहित 150-200 अज्ञात उपद्रवियों के विरुद्ध अपराध संख्या 351/2026 के अंतर्गत विभिन्न सुसंगत व कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल चेहरों की पहचान की जा रही है। पुलिस द्वारा साक्ष्यों के संकलन के साथ विवेचनात्मक कार्रवाई व आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है।
रिपोर्ट- संजू


