झांसी: नेशनल हाईवे किनारे अवैध बालू भंडारण पर प्रशासन सख्त, जल्द चलेगा संयुक्त अभियान

146

झांसी: नेशनल हाईवे किनारे अवैध बालू भंडारण पर प्रशासन सख्त, जल्द चलेगा संयुक्त अभियान

झांसी। जिले में बालू के अवैध भंडारण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। नियमों को दरकिनार कर पट्टाधारक कंपनियों द्वारा नेशनल हाईवे और प्रमुख जिला मार्गों के किनारे बड़े पैमाने पर बालू का भंडारण किया जा रहा है। इससे न केवल सड़क सुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर ध्वानी-चिरगांव क्षेत्र की सर्विस लेन के किनारे बड़ी मात्रा में बालू का भंडारण किया गया है। इसके अलावा चिरगांव-गुरसराय मार्ग और पूंछ रोड के किनारे भी कई स्थानों पर बालू के ढेर लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार ओवरलोड डंपरों के आवागमन से सड़कें खराब हो रही हैं और आवागमन में परेशानी बढ़ती जा रही है।

दिशा समिति की बैठक में उठा था मुद्दा

हाल ही में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दिशा समिति की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि निर्देशों के बावजूद अब तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

प्रशासन ने कार्रवाई के दिए संकेत

एडीएम (न्यायिक) अरुण कुमार ने बताया कि हाईवे और अन्य प्रमुख सड़कों के किनारे किए गए अवैध बालू भंडारण की रिपोर्ट प्रशासन को प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर बढ़ा खतरा

सड़क किनारे जमा बालू और भारी डंपरों की लगातार आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सड़कें और अधिक क्षतिग्रस्त होंगी, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

एनएचएआई ने कहा— नहीं दी गई कोई एनओसी

एनएचएआई के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे की भूमि पर बालू भंडारण के लिए विभाग की ओर से कोई एनओसी जारी नहीं की गई है। विभाग प्रशासन को पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध करेगा। इसके बाद पुलिस और खनन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे किनारे किए गए अवैध बालू भंडारण को हटाया जाएगा।