झांसी: सरकारी भूमि पर बनी थी अवैध मजार – प्रशासन ने बुलडोजर चलवा कर किया ध्वस्त

340

झांसी में मुक्ताकाशी मंच के पास बनी हजरत इमरती शाह बाबा की मजार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। किसी प्रकार का तनाव न फैले, इस लिए चार थानों की भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। चारों ओर नाकाबंदी कर आम लोगों के आने जाने पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

 

  • पूरा मामला क्या है?

हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक जयदीप खरे ने शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि दुर्ग की तलहटी में मुक्ताकाशी मंच के पास बनी हजरत इमरती शाह बाबा की मजार सरकारी भूमि पर बनी है।

इसे संज्ञान में लेकर झांसी विकास प्राधिकरण ने राजस्व स्तर से जांच कराई।जेडीए के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि मजार जेडीए की भूमि पर बना हुआ है। इस पर इम्तियाज उर्फ पप्पू बाबा को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। कुछ अतिक्रमण हटाया भी गया। बाकी अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई शुरू की गई।

  • पुलिस प्रशासन की कार्यवाही:

मंगलवार को जेडीए की टीम पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ बुलडोजर लेकर हजरत इमरती शाह बाबा की मजार पर पहुंची थी। सबसे पहले पुलिस ने मजार की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर बेरीकेड लगाकर बंद किया और पुलिस बल तैनात कर दिया। राहगीरों पर अंदर जाने की रोक लगाई, इसके बाद जेडीए ने कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर से मजार को ध्वस्त किया । मलबे को ट्रैक्टरों के जरिए हटाकर मौके से ले जाया गया।

कार्रवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, जेडीए के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, कोतवाल विद्यासागर सिंह, नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे और रक्सा थानाध्यक्ष रूपेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर तैनात की गई थी।

रिपोर्ट – शिवांगी कुमारी