झांसी: देसी शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, बोतलें तोड़ीं; ठेका हटाने की मांग ( रिपोर्ट : कुलदीप )

30

झांसी: देसी शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, बोतलें तोड़ीं; ठेका हटाने की मांग ( रिपोर्ट : कुलदीप )

झांसी/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर के चकारा बस स्टैंड के पास संचालित देसी शराब की दुकान के खिलाफ सोमवार को मोहल्ले की दर्जनों महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने ठेका हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने ठेके के बाहर रखी शराब की पत्तियां फेंक दीं और कुछ शराब की बोतलें भी तोड़ दीं।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि देसी शराब का ठेका बस स्टैंड, मंदिर और राजकीय विद्यालय के बेहद नजदीक संचालित किया जा रहा है। इसके चलते छात्र-छात्राओं, महिलाओं और आम राहगीरों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि शराब खरीदने आने वाले कई लोग नशे की हालत में अभद्र व्यवहार करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और क्षेत्र का माहौल खराब कर देते हैं।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की बढ़ती लत ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के कई युवाओं की कम उम्र में मौत हो चुकी है, जबकि अनेक परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि जनहित, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए देसी शराब की दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना था कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपना आंदोलन और अधिक उग्र करने को मजबूर होंगी।

मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने भी महिलाओं की मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।