देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग, टीकमगढ़ में साधु-संतों ने किया महामंत्र जाप, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

टीकमगढ़
देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में साधु-संत, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और गौभक्त एकत्रित हुए। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से “श्रीराम जय राम जय जय राम” विजय महामंत्र का जाप कर गौ संरक्षण का संकल्प लिया।

महामंत्र जाप के बाद साधु-संतों एवं गौभक्तों ने शांतिपूर्ण रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन कलेक्टर विवेक श्रोतीय ने प्राप्त किया। ज्ञापन में मांग की गई कि देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्र सरकार सख्त कानून बनाए और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। साथ ही गौ तस्करी और अवैध वध पर कठोर कार्रवाई करने, गौशालाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गौवंश के संरक्षण के लिए ठोस नीति लागू करने की भी मांग की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित संतों ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में उनका संरक्षण केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर पूरे देश में एक समान और प्रभावी कानून लागू करना चाहिए
रिपोर्ट : अनिल (टीकमगढ़)




