उरई में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जालौन को ₹1273.96 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

102
उरई में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जालौन को ₹1273.96 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

उरई में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जालौन को ₹1273.96 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

इंदिरा स्टेडियम में विशाल जनसभा को किया संबोधित, बुंदेलखंड के विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार और माफिया पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

उरई (जालौन) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जालौन जनपद के उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद को ₹1273.96 करोड़ की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 296 परियोजनाओं का शिलान्यास और 78 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही उरई तहसील के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।

उरई में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जालौन को ₹1273.96 करोड़ की 374 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले बुंदेलखंड के विकास के लिए आने वाला धन सैफई के नाच-गाने और सीमित क्षेत्रों में खर्च कर दिया जाता था, जिसके कारण बुंदेलखंड वर्षों तक विकास से वंचित रहा। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य करते हुए क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जालौन और पूरा बुंदेलखंड ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, कालपी की ऐतिहासिक विरासत, प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, मदिरालालपुर तथा जालौन की विख्यात मटर और कालपी के कागज उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इस क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने के साथ-साथ आधुनिक विकास को भी गति दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद तथा जातिवाद हावी रहता था। लेकिन वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नीट परीक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं में केंद्र सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त करने के साथ कई लोगों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज का अंत किया गया है। अपराधियों की अवैध संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार का बेहतर वातावरण तैयार हुआ है।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। उन्होंने सभी विधायकों की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का स्वागत किया।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। पुलिस लाइन से इंदिरा स्टेडियम तक पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और खुफिया एजेंसियों की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हजारों की संख्या में लोग सुबह से ही इंदिरा स्टेडियम में मौजूद रहे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला

जालौन रिपोर्ट (सोनू महाराज)