झांसी: हनुमान जी के ‘अपहरण’ की शिकायत, बीजेपी पर लगाए आरोप, आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल

312

“हनुमान जी के ‘अपहरण’ की शिकायत लेकर थाने पहुंचा युवक, बीजेपी पर लगाए आरोप, आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल”

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसा शिकायत पत्र सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। चिरगांव निवासी सत्या यादव नामक युवक ने एक लिखित शिकायत में दावा किया है कि भगवान हनुमान जी पिछले कुछ दिनों से अयोध्या से “लापता” हैं और उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रैलियों में ले जाकर रखा है।

शिकायत पत्र में युवक ने लिखा है कि हनुमान जी, श्री केसरी के पुत्र होने के नाते अयोध्या में भगवान श्रीराम के दरबार की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। उसने दावा किया कि हनुमान जी की अनुपस्थिति के कारण ही राम मंदिर में चोरी की घटना हुई।

शिकायत में आगे कहा गया है कि पहले उसे केवल संदेह था, लेकिन अब उसे पूरा विश्वास है कि हनुमान जी को बीजेपी ने “अगवा” कर लिया है। इसके समर्थन में उसने सोशल मीडिया पर देखे गए एक वीडियो का हवाला दिया, जिसमें कथित रूप से हनुमान जी के वेश में एक व्यक्ति बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की रैली में उनकी गाड़ी के आगे नृत्य करता दिखाई दे रहा है।

युवक ने अपने आवेदन में हनुमान चालीसा की प्रसिद्ध चौपाई का भी उल्लेख किया—

“राम दुआरे तुम रखवारे, होत न आज्ञा बिनु पैसारे।”

शिकायतकर्ता का कहना है कि जब स्वयं हनुमान जी राम दरबार के रक्षक हैं, तो यदि वे अपनी ड्यूटी पर मौजूद होते तो मंदिर में चोरी जैसी घटना संभव ही नहीं थी। इसलिए उसने प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर “हनुमान जी को जल्द से जल्द वापस अयोध्या लाया जाए।”

यह शिकायत पत्र अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित पक्ष की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।