झांसी में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप

219

झांसी जनपद के थाना चिरगांव क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के बेटे ने एक युवक पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरखर थाना ककरई, जनपद झांसी निवासी युवक ने थाना चिरगांव में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पिता की मृत्यु वर्ष 2021 में हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मां घर में अकेली रह रही थी। इसी दौरान चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत भरतपुरा निवासी एक युवक से मृतका का संपर्क बढ़ गया।

आरोप है कि संबंधित युवक का मृतका के घर आना-जाना लगातार बना हुआ था। बीते 11 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 11 बजे महिला घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आशंका जताई कि वह उसी युवक के पास गई होगी।

इसके बाद 12 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे आरोपी युवक ने फोन कर बताया कि महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। कुछ समय बाद पुलिस को सूचना दी गई कि महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई है।

मृतका के बेटे का आरोप है कि उसकी मां को आरोपी युवक ने जानबूझकर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।