5 किलोमीटर सड़क के लिए तरसे ग्रामीण, आखिर खुद उठाया फावड़ा

173
5 किलोमीटर सड़क के लिए तरसे ग्रामीण, आखिर खुद उठाया फावड़ा

5 किलोमीटर सड़क के लिए तरसे ग्रामीण, आखिर खुद उठाया फावड़ा

सरकारी उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने श्रमदान कर शुरू की सड़क की मरम्मत, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी से स्थायी निर्माण की मांग

कदौरा (जालौन)
कालपी विधानसभा क्षेत्र के कदौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत इकौना से हमीरपुर जनपद के मिश्रीपुर को जोड़ने वाली लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी हुई है। सड़क की जर्जर हालत के कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग लगातार उठाई जाती रही, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों ने इस ओर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।


ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जबकि अन्य दिनों में बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लगातार अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने आखिरकार सरकार का इंतजार छोड़ स्वयं सड़क की मरम्मत का जिम्मा उठा लिया। ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए मिट्टी, मुर्रम और अन्य उपलब्ध संसाधनों से गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया, ताकि आवागमन किसी तरह सुचारु हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल दो गांवों को ही नहीं, बल्कि जालौन और हमीरपुर जनपद के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद वर्षों से इसकी अनदेखी होना विकास के दावों पर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण कराया गया होता तो ग्रामीणों को अपने खर्च और श्रम से सड़क दुरुस्त करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

5 किलोमीटर सड़क के लिए तरसे ग्रामीण, आखिर खुद उठाया फावड़ा
ग्रामीणों ने कालपी विधानसभा के विधायक विनोद चतुर्वेदी से इस सड़क का स्थायी निर्माण कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और विकास को भी गति मिलेगी।
सड़क मरम्मत अभियान में अलोक कुमार, रामचंद्र निषाद, विकास वर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, नरेंद्र, अंगद सिंह, अशोक निषाद, कामता निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थायी निर्माण नहीं कराया गया तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे

जालौन ( सोनू महाराज )