झाँसी : मऊरानीपुर में बीएलओ ने खाया ज़हरीला पदार्थ

199

मऊरानीपुर में बीएलओ ने खाया ज़हरीला पदार्थ

 

झाँसी के मऊरानीपुर में काम के बढ़ते बोझ से परेशान एक बीएलओ द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। हालत गंभीर होने पर उसे झाँसी रेफर किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

झाँसी जनपद के मऊरानीपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब भानपुरा निवासी नाथूराम आर्य, जो रोजगार सेवक के साथ-साथ बीएलओ के रूप में भी तैनात थे, ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।

अचेत अवस्था में पड़े नाथूराम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर श्वेता साहू, तहसीलदार ललित कुमार पांडे और नायब तहसीलदार अमित कुमार मुदगल मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।

परिजनों के अनुसार, नाथूराम पर विभागीय कार्यों का लगातार दबाव जारी था। वहीँ एसडीएम श्वेता साहू ने बताया कि नाथूराम बीएलओ का कार्य चार दिन पहले ही पूरा कर चुके थे, लेकिन उनके अन्य विभागीय कार्यों को लेकर मानसिक दबाव की बात सामने आई है। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।